शुभमन गिल बने वनडे टीम के नए कप्तान, रोहित-विराट की वापसी लेकिन बिना बागडोर के
नई दिल्ली | 4 अक्टूबर 2025
भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव सामने आया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज़ के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी गई है लेकिन इस टीम की सबसे बड़ी सुर्खी कप्तान रोहित शर्मा का ना होना है। उनकी जगह अब टीम की कमान युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल को सौंपी गई है।
रोहित-विराट की वापसी पर कप्तानी नहीं
करीब 7 महीने के ब्रेक के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों एक बार फिर भारतीय जर्सी में नज़र आएंगे, लेकिन एक बड़ा बदलाव उनके रोल में है। रोहित और विराट दोनों ही अब टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं और अब वनडे में खेलते दिखाई देंगे। हालांकि, यह वापसी कप्तानी के बिना होगी।
यह फैसला भले ही “टीम का भविष्य बनाने” की दिशा में एक कदम बताया जा रहा हो, लेकिन फैन्स के बीच सवाल उठ रहे हैं क्या ये ‘सम्मानजनक विदाई’ की शुरुआत है या ‘धीरे-धीरे किनारे करने’ की प्रक्रिया?
शुभमन को क्यों बनाया गया कप्तान?
गिल ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है, चाहे वो एशिया कप हो या वर्ल्ड कप। उनका शांत स्वभाव, खेल के प्रति समझदारी और फिटनेस को देखकर चयनकर्ताओं ने उन्हें भविष्य का लीडर माना है।
BCCI के एक सूत्र के मुताबिक:- “अब वक्त है नई पीढ़ी को ज़िम्मेदारी देने का। रोहित-विराट जैसे दिग्गजों की मौजूदगी शुभमन के लिए सपोर्ट सिस्टम की तरह होगी।”
सोशल मीडिया पर मिलाजुला रिएक्शन
सोशल मीडिया पर यह खबर आते ही #RohitSharma ट्रेंड करने लगा। फैंस में नाराज़गी भी दिखी, तो कुछ ने इसे भविष्य की ओर उठाया गया समझदारी भरा कदम बताया।
एक फैन ने लिखा:- “जिन्होंने भारत को वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुँचाया, आज उन्हें टीम का हिस्सा तो बनाया गया है, पर कप्तान नहीं। दिल टूटा!”
अभी यह साफ नहीं है कि रोहित और विराट वनडे में कितने लंबे समय तक खेलेंगे। क्या यह उनका आखिरी साल है? या फिर वो सिर्फ बड़े टूर्नामेंट्स में नज़र आएंगे?
इतना जरूर है कि शुभमन गिल का यह कप्तानी सफर एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। अब देखना होगा कि युवा जोश और अनुभवी सोच का यह मेल भारत को कहाँ तक ले जाता है।

